गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले एक सप्ताह से बिजली संकट बना हुआ है। कई कॉलोनियों और बस्तियों में रोजाना कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। बिजली विभाग कटौती की जानकारी लोगों को व्हाट्सएप संदेशों के माध्यम से दे रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक नियमित शटडाउन लिया जा रहा है। रात में भी बार-बार बिजली गुल होने से इनवर्टर जवाब दे रहे हैं और लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बिजली कटौती का असर पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ रहा है, जिससे लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। स्थानीय निवासियों ने अघोषित बिजली कटौती बंद करने और जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है। बिजली विभाग का कहना है कि क्षेत्र में नए बिजली पोल लगाने और लाइन सुधार कार्य के कारण अस्थायी कटौती की जा रही है। विभाग के अनुसार, विकास कार्य पूरे होने के बाद बिजली आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
Source: Source