हरियाणा के फरीदाबाद में नेशनल हाईवे 19 पर सेक्टर 28 मेट्रो स्टेशन के पास देर रात एक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक विजय गौतम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई का रहने वाला था और वृंदावन जा रहा था। वह अपने परिवार के साथ गाजियाबाद में किराये पर रहता था और एक निजी कंपनी में काम करता था। पुलिस के अनुसार, उसकी बाइक के पीछे जूस की बोतलों की एक पेटी बंधी हुई थी। इसके कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में विजय गौतम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि लापरवाही से सामान लादने के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source: Source