फरीदकोट पुलिस ने 12 किलो 221 ग्राम हेरोइन के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई CIA स्टाफ ने अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे-54 पर की। पुलिस ने गांव चंदबाजा के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान तलवंडी भाई की तरफ से तेज रफ्तार बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। बाइक की पिछली सीट पर बैठे युवक के कंधे पर एक भारी किट बैग था। तलाशी लेने पर बैग से हेरोइन के छह पैकेट बरामद हुए। बरामद हेरोइन का कुल वजन 12 किलो 221 ग्राम बताया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरनतारन जिले के सुदागर सिंह उर्फ घुल्ला और कवलजीत खान उर्फ कम्मू के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ सदर फरीदकोट थाने में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। उन्हें अदालत से रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी और हेरोइन की सप्लाई के आगे-पीछे के नेटवर्क का पता लगाया जाएगा।
Source: Source