कोरबा में कसनिया-कटघोरा-पसान स्टेट हाईवे की खराब हालत से लोग लंबे समय से परेशान हैं। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने सड़क की बदहाली को लेकर आंदोलन और चक्काजाम की चेतावनी दी थी। विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम के नेतृत्व में आंदोलन प्रस्तावित था। चेतावनी के बाद पीडब्ल्यूडी ने सड़क के गड्ढों की मरम्मत शुरू कराई। इसके चलते गुरुवार को होने वाला चक्काजाम आंदोलन स्थगित कर दिया गया। 50.60 किलोमीटर लंबे इस स्टेट हाईवे को टू-लेन बनाने के लिए 85 करोड़ रुपए मंजूर किए जा चुके हैं। सड़क निर्माण का टेंडर भी हो चुका है और काम सुभाष अग्रवाल खरसिया को मिला है। बारिश के कारण अब तक नए निर्माण का काम शुरू नहीं हो सका था। करीब 20 किलोमीटर हिस्सा खराब होने से अमलीकुंडा और लैंगा में वाहन फंसने तथा जाम की स्थिति बन रही थी। जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम ने 10 सितंबर को चक्काजाम की चेतावनी दी थी। आंदोलन से पहले विभाग ने गड्ढों को मलबे से भरकर सड़क को समतल कराया, हालांकि कई जगह जलभराव की समस्या बनी हुई है। पीडब्ल्यूडी के अनुसार बारिश के बाद अक्टूबर से सड़क के नवीनीकरण का काम शुरू होगा और ठेका कंपनी को मार्च 2027 तक इसे पूरा करना है। यह मार्ग मरवाही-पेंड्रा, पसान-पिपरिया और कोरिया जिले के बीच आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण है।
Source: Source