फतेहाबाद में 48 वर्षीय जेबीटी शिक्षक प्रहलाद सिंह की मौत के मामले में बाजार का नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में बेहोश प्रहलाद को कार से अस्पताल ले जा रहे लोगों की गाड़ी एक खड़ी कार से टकराती दिख रही है। घटना रात करीब 9:46 बजे सन्यास आश्रम रोड के पास हुई। टक्कर के दौरान सड़क किनारे मौजूद एक युवक बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद लोग मौके पर जमा हुए, जबकि कार सवार वहां से निकल गए। बताया गया है कि इसके बाद वे प्रहलाद को सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से लौटते समय भी आरोपी बाजार के रास्ते से गुजरे और धर्मशाला रोड पर उनकी कार का टायर पंक्चर हो गया। टक्कर वाली कार की तलाश कर रहे लोग भी वहां पहुंच गए। इससे पहले होटल मेजबान के सीसीटीवी में सोमवार रात दोस्तों के साथ शराब पार्टी के दौरान छह लोगों के बीच कहासुनी और हाथापाई दिखाई दी थी। विवाद के दौरान धक्का लगने से प्रहलाद की गर्दन सोफे से टकराई और वह बेहोश होकर फर्श पर गिर पड़े। फुटेज के अनुसार प्रहलाद करीब चार मिनट तक फर्श पर पड़े रहे, जबकि उनके साथी आपस में झगड़ते रहे। बाद में आरोपी उन्हें सफेद कार में लेकर अस्पताल के लिए निकले, लेकिन रास्ता भटकने के कारण बाजार की गलियों में घूमते रहे।
Source: Source