फतेहाबाद जिले की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन टास्क व निवेश के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को राजस्थान के श्रीगंगानगर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अभय के रूप में हुई है, जो पुरानी आबादी हाउसिंग बोर्ड का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से 50 हजार रुपए की नकदी भी बरामद की है। पीड़ित प्रमोद कुमार ने पुलिस को बताया कि उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर प्रतिदिन 3 से 8 हजार रुपए कमाने का लालच दिया गया। शुरुआत में होटल रेटिंग जैसे छोटे टास्क कराकर और कुछ पैसे लौटाकर उसे विश्वास में लिया गया। फिर अलग-अलग टास्क, वॉलेट एक्टिवेशन, क्रेडिट स्कोर, टैक्स और केवाईसी के नाम पर उससे पैसे जमा करवाते रहे। पीड़ित ने अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 12 लाख 24 हजार 909 रुपए आरोपियों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। जब उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने और पैसे मांगे, जिससे उसे ठगी का अहसास हुआ। उसने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद में 6 मई 2025 को मामला दर्ज किया गया था। इससे पहले इस मामले में पांच अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। अब छठवें आरोपी अभय की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। यह घटना ऑनलाइन ठगी के बढ़ते खतरे और सावधानी की आवश्यकता को दर्शाती है।
Source: Source