हरियाणा के सिरसा में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी की बढ़ती कीमतों के खिलाफ 2 जून को प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। यह प्रदर्शन सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। प्रदर्शन के दौरान उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल और सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा। पार्टी की मांग है कि जनता को तुरंत महंगाई से राहत दी जाए। इनेलो जिला अध्यक्ष जसबीर सिंह जस्सा ने बताया कि इस आंदोलन का नेतृत्व रानियां विधायक अर्जुन चौटाला करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण आम जनता पर महंगाई का भारी बोझ बढ़ा है। उनके अनुसार पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारी सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। इनेलो नेताओं ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें कम होने के बावजूद देश में आम जनता को राहत नहीं दी गई। उन्होंने सरकार पर एक्साइज ड्यूटी और वैट में कटौती न करने का भी आरोप लगाया। इस प्रदर्शन को महंगाई के खिलाफ बड़ा राजनीतिक विरोध माना जा रहा है।
Source: Source