पंचकूला जिले के पिंजौर स्थित हिमशिखा कॉलोनी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया है। किराए पर रहने वाली पीड़िता रितिक जब दोपहर में घर पर ताला लगाकर बाहर गई थीं, तो पीछे से अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने अलमारी खंगालकर करीब तीन लाख रुपये की नकदी, चार सोने की अंगूठियां और एक सोने की चेन पर हाथ साफ कर दिया। देर रात मकान मालिक की सूचना पर जब पीड़िता घर पहुंची, तो सामान बिखरा हुआ मिला। पीड़ित परिवार ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय निवासियों में काफी रोष और भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की पुरजोर मांग की है। पुलिस मामला दर्ज कर चोरों की तलाश में जुट गई है।
Source: Source