पानीपत के नूरवाला कुटानी रोड पर ओवरलोड ट्रक 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन तारों की चपेट में आ गया। विदेश से आयातित वेस्ट कपड़े से लदा ट्रक गोदाम की गली में मुड़ते ही तारों से टच हो गया। इससे भीषण आग लग गई, जो देखते ही देखते पूरे ट्रक में फैल गई। आग की गर्मी से ट्रक का टायर जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। दमकल की 10 से अधिक गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग पर डेढ़ घंटे की देरी से पहुंचने का आरोप लगाया। विशेष फॉर्म टेंडर की मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। हादसे में लाखों रुपए का आयातित माल और ट्रक पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस और बिजली विभाग घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। ट्रक की अत्यधिक ऊंचाई को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
Source: Source