हरियाणा के पानीपत जिले के सनौली क्षेत्र में एक युवक द्वारा मस्जिद को लेकर भड़काऊ और फर्जी वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए मस्जिद पर कब्जा करने का झूठा ड्रामा रचा और उसका वीडियो रिकॉर्ड कर इंटरनेट पर पोस्ट कर दिया। वीडियो में वह मस्जिद के भीतर जाकर भड़काऊ बातें करता नजर आया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। वीडियो के वायरल होते ही स्थानीय धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू की। करीब दो दिनों की तलाश के बाद युवक को ढूंढ लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसका किसी धार्मिक स्थल से कोई विवाद नहीं था। उसने माना कि उसने केवल सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए यह भड़काऊ वीडियो बनाया था। इस घटना के बाद समाज में तनाव फैलने की आशंका को देखते हुए लोगों ने उसे कड़ी फटकार लगाई। बाद में युवक ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और कहा कि उसका उद्देश्य केवल प्रचार पाना था। उसने भविष्य में ऐसी हरकत न करने की बात भी कही। सामाजिक संगठनों ने उसे आगे से ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी है।
Source: Source