पानीपत पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी एक हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रताप के रूप में हुई है। उस पर एक युवक को 80 हजार रुपये में देसी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बेचने का आरोप है। मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर एक युवक को हथियार सहित पकड़ा। गिरफ्तार युवक राजदीप ने पूछताछ में हथियार प्रताप से खरीदने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने सप्लायर की तलाश शुरू की। जांच के दौरान प्रताप को बागपत जिले के उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अवैध हथियार बेचने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि उसे एक सर्विस स्टेशन पर गाड़ी धोते समय पिस्टल और कारतूस मिले थे। उसने हथियार अपने पास छिपाकर रख लिया और बाद में उसे बेच दिया। पुलिस के अनुसार हथियार बेचकर मिली रकम आरोपी ने निजी खर्चों में खर्च कर दी। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
Source: Source