पानीपत के राजाखेड़ी गांव में एक खाली मकान पर चार राउंड फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है, जब मकान में कोई मौजूद नहीं था। मकान मालिक संदीप बुधवार सुबह अपनी इको गाड़ी लेने पहुंचा तो उसे फायरिंग की जानकारी मिली। मौके पर गेट और मकान के अंदर गोलियों के निशान मिले, जबकि वाहन का शीशा भी क्षतिग्रस्त पाया गया। संदीप ने गांव के ही एक युवक पर पैसों के लेन-देन के विवाद में फायरिंग कराने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि आरोपी का उसके परिवार के साथ पहले भी विवाद हो चुका है। सूचना मिलने के बाद किला थाना पुलिस और सीआईए की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, आरोपी बताए जा रहे युवक के पिता ने भी पुलिस में शिकायत देकर अपने बेटे पर तलवार से हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में भी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source: Source