अंबाला जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। बुधवार शाम तक जिले में 64.88 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने एन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर दिए हैं। चुनाव तहसीलदार गुलशन शर्मा ने मतदाताओं से समय पर फॉर्म जमा करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि 14 जुलाई तक फॉर्म जमा नहीं करने वाले मतदाताओं का नाम सूची से हटाया जा सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपने पोलिंग बूथ पर जाकर फॉर्म जमा कराने को कहा है। समीक्षा के अनुसार मुलाना विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 74.05 प्रतिशत फॉर्म जमा हुए हैं। नारायणगढ़ में 70.70 प्रतिशत, अंबाला कैंट में 59.11 प्रतिशत और अंबाला शहर में 57.20 प्रतिशत फॉर्म जमा हुए हैं। बीएलओ को घर-घर जाकर फॉर्म बांटने और मतदाताओं की जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारियों के अनुसार कई लोग फॉर्म भरकर वापस नहीं कर रहे हैं, जिससे प्रक्रिया में देरी हो रही है। उप निर्वाचन अधिकारी अभिषेक गर्ग ने बताया कि फॉर्म जमा करने के लिए किसी अतिरिक्त दस्तावेज या पहचान पत्र की जरूरत नहीं है। मतदाताओं को केवल फॉर्म सही तरीके से भरकर हस्ताक्षर के साथ 14 जुलाई तक जमा करना होगा।
Source: Source