पलवल जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पहला हादसा होडल थाना क्षेत्र के हसनपुर पुल के पास हुआ। बांसवा गांव निवासी रतन बाइक से होडल बाजार जा रहा था। इसी दौरान सामने से आए एक तेज रफ्तार कैंटर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रतन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने शव को जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक के भाई रामबीर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी कैंटर चालक की तलाश की जा रही है। वहीं दूसरा हादसा पलवल शहर के अलीगढ़ रोड स्थित धान मिल के पास हुआ। नरेंद्र कुमार अपनी कार सड़क किनारे रोककर बाहर निकल रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। दोनों मामलों में दुर्घटनाओं के कारणों की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों ने यातायात नियमों का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील की है।
Source: Source