पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 30 जुलाई से राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष सुरिंदर दुग्गल की अध्यक्षता में हुई ऑनलाइन बैठक में यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया। आंदोलन में राज्यभर के करीब 27 हजार केमिस्ट शामिल होंगे। पहले चरण में 30 जुलाई से विधायकों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। मांगें पूरी नहीं होने पर 1 अगस्त से जिला स्तर पर ड्रग विभाग के कार्यालयों के बाहर धरने शुरू किए जाएंगे। इसके बाद 20 से 22 अगस्त तक पंजाब ड्रग विभाग के मुख्यालय के बाहर सभी 23 जिलों के केमिस्टों का संयुक्त प्रदर्शन होगा। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि सरकार उनकी लंबे समय से लंबित मांगों की अनदेखी कर रही है। संगठन ने ड्रग एक्ट में संशोधन, ओएनईएलएस पोर्टल की समस्याओं का समाधान और ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही कॉरपोरेट कंपनियों की मनमानी छूट, जाली व एक्सपायर्ड दवाओं की बिक्री रोकने तथा जनऔषधि केंद्रों की नियमित जांच की भी मांग उठाई गई है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Source: Source