छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर नेशनल हाईवे 130 में सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। यह दुर्घटना उदयपुर थाना क्षेत्र के साल्ही मोड़ के पास हुई। मृतकों की पहचान घाटबर्रा निवासी मन्ना राम मझवार (21) और धन्ना राम मझवार (22) के रूप में हुई है। दोनों भाई दसईं करमा देखने के लिए डांडगांव जाने निकले थे। रात करीब आठ से नौ बजे के बीच एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों भाई उछलकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना डायल 112 की टीम को दी। मौके पर पहुंची टीम ने दोनों की जांच की और शवों को उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। शुक्रवार सुबह दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया और बाद में उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना से घाटबर्रा गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरा नहीं होने के कारण वाहन की पहचान में कठिनाई आ रही है। पुलिस हाईवे पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
Source: Source