नूंह पुलिस ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि दोनों ने फेसबुक पर उकसावे वाली टिप्पणियां और भ्रामक पोस्ट साझा की थीं। मामला बकरीद से एक दिन पहले फैली एक अफवाह से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर दावा किया गया था कि एक युवक को विशेष संगठन के कार्यकर्ताओं ने गोली मारी है। यह जानकारी तेजी से वायरल हुई और इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि वायरल की जा रही जानकारी पूरी तरह झूठी और तथ्यहीन थी। इसके बाद पुलिस ने भड़काऊ पोस्ट करने वालों की पहचान शुरू की। कार्रवाई के तहत गजरपुर निवासी आजीब खान और बेरी निवासी मोहसिन को हिरासत में लिया गया। दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर सोशल मीडिया मॉनिटरिंग बढ़ा दी गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। लोगों से बिना सत्यापन किसी भी पोस्ट या खबर को साझा न करने की अपील की गई है।
Source: Source