हरियाणा के नूंह शहर थाना क्षेत्र में तावडू रोड स्थित दिल्ली दरबार के पास नाली में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मृतका की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाली से बाहर निकालकर कब्जे में लिया। शव की हालत देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह कई दिन पुराना हो सकता है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम और पहचान के लिए सीएचसी नूंह के शवगृह में रखवाया है। प्रारंभिक जांच में हत्या, दुर्घटना या अन्य कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और गुमशुदगी के मामलों की जांच भी कर रही है। घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों का भी विश्लेषण किया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी की महिला परिजन लापता हैं तो थाना पुलिस से संपर्क करें। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों पर स्पष्टता मिलने की उम्मीद है।
Source: Source