महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में बच्चों को लेने जा रही निजी स्कूल बस हादसे का शिकार हो गई। बस ने स्कूटी और साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोग घायल हो गए। हादसा सुबह नूनी गांव के मोड़ के पास सीबीएम अस्पताल के नजदीक हुआ। सूरज स्कूल की बस बच्चों को लेने के लिए नूनी शेखपुरा की ओर जा रही थी। पुलिस के अनुसार, बस चालक ने स्कूटी सवार को बचाने की कोशिश की, जिसके दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बस ने पहले स्कूटी और फिर साइकिल को टक्कर मार दी। साइकिल सवार करीब 35 वर्षीय अखिलेश दास गंभीर रूप से घायल हुआ है। अखिलेश बिहार का रहने वाला है और फिलहाल नसीबपुर में किराए के मकान में रह रहा है। स्कूटी सवार नसीबपुर निवासी नीता कुमारी और अतर सिंह भी घायल हुए हैं। आसपास के लोगों ने तीनों घायलों को इलाज के लिए सीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर महावीर चौक पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में ले लिया। हादसे के समय बस में कुछ बच्चे सवार थे, लेकिन किसी बच्चे को चोट नहीं आई। स्कूल स्टाफ भी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच गया था और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source: Source