हरियाणा के नारनौल में मित्रपुरा के पास शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान गुलशन के रूप में हुई है। वह नारनौल के CLC कोचिंग सेंटर में चपरासी के पद पर कार्यरत थीं। गुलशन अपने पति नवीन कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर नारनौल जा रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात क्रीम रंग की कार ने उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी। पति-पत्नी सड़क पर गिर गए और कार चालक मौके से फरार हो गया। डायल-112 की टीम ने घायल गुलशन को सामान्य अस्पताल नारनौल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही फैजाबाद पुलिस चौकी की टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मृतका के पति के बयान दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब फरार कार चालक और हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
Source: Source