फतेहाबाद जिले के रतिया उपमंडल में 2 नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। दोनों लड़कियां आपस में रिश्ते में मामा-बुआ की बेटियां हैं। एक लड़की की मां के अनुसार रात करीब 10 बजे परिवार खाना खाकर सो गया था, लेकिन देर रात करीब 1 बजे दोनों लड़कियां घर में नहीं मिलीं। परिवार ने देखा कि 3 युवक लड़कियों को लेकर जा रहे थे। पीछा करने पर एक लड़की बाइक से गिरकर घायल हो गई और दूसरी लड़की को आरोपी रास्ते में छोड़कर फरार हो गए। लड़की ने एक होटल संचालक की मदद से पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी। ग्रामीणों ने सदर थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों नाबालिग लड़कियां सुरक्षित मिल गई हैं और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामला दर्ज कर महिला पुलिस अधिकारी को जांच सौंपी गई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
Source: Source