छत्तीसगढ़ के धमतरी में पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस के अनुसार, ये आरोपी विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स और वेबसाइटों का उपयोग करके क्रिकेट मैचों पर अवैध सट्टा लगवा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तुषार यादव (धमतरी) और अमित नेभानी (रायपुर) के रूप में हुई है। पुलिस की तकनीकी जांच और पहले से गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर इस अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ। धमतरी पुलिस अब तक इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें शंकर मंगलानी और मनमोहन पटेल पहले ही हिरासत में लिए जा चुके हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत यह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस सफल अभियान से सट्टेबाजों में हड़कंप मच गया है।
Source: Source