छत्तीसगढ़ के दुर्ग में बैंक की बंधक संपत्ति पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की शिकायत पर पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि युवक ने बैंक द्वारा सरफेसी एक्ट के तहत सील किए गए मकान का ताला दो बार तोड़कर उस पर कब्जा कर लिया। साथ ही बैंक की ओर से लगाए गए कब्जे संबंधी नोटिस भी मिटा दिए गए। यह संपत्ति 26 लाख रुपये के होम लोन से जुड़ी बताई जा रही है। लोन का भुगतान न होने पर खाता एनपीए हो गया था, जिसके बाद बैंक ने कानूनी कार्रवाई शुरू की। प्रशासन के आदेश पर दो बार मकान को सील किया गया, लेकिन दोनों बार आरोपी ने फिर से कब्जा कर लिया। बैंक अधिकारियों के निरीक्षण में सील टूटने और नए ताले लगे होने की पुष्टि हुई। आरोप है कि राजस्व रिकॉर्ड में भी बिना अनुमति नामांतरण कराया गया। बैंक ने इसे नियमों का उल्लंघन और धोखाधड़ी बताया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
Source: Source