कोंडागांव में युवाओं के लिए मोटिवेशनल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 29वीं आईटीबीपी बटालियन के डिप्टी कमांडेंट रोबिन सिंह ने युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सफलता एक दिन की मेहनत से नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष और अनुशासन से मिलती है। उन्होंने युवाओं से स्पष्ट लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करने की अपील की। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के तत्वावधान में किया गया। इसकी शुरुआत सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुई। परिषद के बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने जिले के चारों ब्लॉकों में चल रहे निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण शिविरों की जानकारी दी। इन शिविरों में युवक-युवतियों को सेना और अर्धसैनिक बलों में भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता और अनुशासन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। रोबिन सिंह ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे किसान परिवार से आते हैं। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत और अनुशासन को ताकत बनाकर वे डिप्टी कमांडेंट के पद तक पहुंचे। उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से असफलताओं से सीखकर लगातार आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण के बाद अग्निवीर के रूप में चयनित सिपाही किसमन का सम्मान किया गया। डिप्टी कमांडेंट रोबिन सिंह ने किसमन को शॉल पहनाकर सम्मानित किया। समापन पर परिषद की ओर से रोबिन सिंह को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट किया गया। कार्यक्रम में करीब 370 युवक-युवतियां और परिषद के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Source: Source