फतेहाबाद जिले में सीआईए टोहाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुप्ता कॉलोनी निवासी संजय उर्फ संजू को गिरफ्तार किया है। आरोपी को नई बाईपास रोड स्थित लोहा नहर पुल के पास उस समय पकड़ा गया जब वह नशीले पदार्थों की सप्लाई देने की तैयारी में था। पुलिस ने उसके पास से 6.88 ग्राम हेरोइन बरामद की। इसके अलावा उसकी गाड़ी की तलाशी में 36 बॉक्सों में रखे 10,800 नशीले कैप्सूल भी मिले। प्रत्येक बॉक्स में बड़ी संख्या में कैप्सूल पाए गए। आरोपी इन दवाइयों के लिए कोई वैध लाइसेंस या बिल पेश नहीं कर सका। सीआईए प्रभारी अशोक कुमार के अनुसार पुलिस को पहले से सूचना मिली थी, जिसके बाद घेराबंदी कर आरोपी को रंगेहाथ पकड़ा गया। बरामद नशीले पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क और सप्लाई चैन की जांच कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Source: Source