झज्जर जिले में लंबे इंतजार के बाद पात्र परिवारों को हैप्पी कार्ड मिलने शुरू हो गए हैं। झज्जर रोडवेज ने दूसरे चरण में आए हैप्पी कार्डों का वितरण शुरू कर दिया है। अब तक झज्जर बस अड्डे से करीब 3 हजार हैप्पी कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। जिले के लिए इस चरण में कुल 17,500 कार्ड प्राप्त हुए हैं। पहले चरण में अगस्त-सितंबर के दौरान करीब 29,500 कार्ड आए थे, जिनका वितरण पहले ही पूरा हो चुका है। इसके बाद करीब डेढ़ वर्ष तक नए कार्ड नहीं पहुंचे थे, जिससे लाभार्थियों को परेशानी हुई। मार्च 2026 के अंतिम सप्ताह में दूसरे चरण के कार्ड मिलने के बाद अब वितरण तेजी से किया जा रहा है। हैप्पी कार्ड योजना के तहत बीपीएल परिवारों और सालाना एक लाख रुपये से कम आय वाले लोगों को रोडवेज बसों में प्रति वर्ष 1,000 किलोमीटर तक निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलती है। जिन लाभार्थियों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जा रहा है, उन्हें बस अड्डे पर बुलाकर कार्ड सौंपे जा रहे हैं। हैप्पी कार्ड की वैधता एक वर्ष की होती है, जिसके बाद कार्ड को रिचार्ज किया जाएगा। पहले चरण के कई कार्डों का रिचार्ज भी शुरू हो चुका है। रोडवेज विभाग के महाप्रबंधक अनीत यादव के अनुसार, वितरण लगातार जारी है और सभी पात्र लोगों को निर्धारित प्रक्रिया से कार्ड दिए जा रहे हैं।
Source: Source