हरियाणा के जींद जिले के सफीदों से विधायक रामकुमार गौतम ने रिश्वतखोरी और कमीशनखोरी को लेकर सख्त बयान दिया है। उन्होंने भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को महानीच बताते हुए ईमानदारी से काम करने की नसीहत दी। विधायक ने विशेष रूप से इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कमीशनखोरी से दूर रहने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि कोई विधायक भ्रष्ट है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। गौतम ने स्पष्ट किया कि बेईमान व्यक्ति की कोई जाति या बिरादरी नहीं होती। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार करने वाले को वह किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। यदि किसी व्यक्ति की गड़बड़ी का पता चला, तो वह उसकी जाति, रिश्तेदारी या चुनाव में किए गए सहयोग को नहीं देखेंगे। उन्होंने कहा कि उनका करीबी रिश्तेदार या बड़ा समर्थक भी भ्रष्टाचार में शामिल पाया गया, तो उसे भी नहीं छोड़ेंगे। विधायक ने देश में ईमानदारी और नेक नीयत से काम करने की अपील की। उन्होंने संसद भवन के निर्माण का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखनी चाहिए। यह बयान सफीदों में नर्सिंग कॉलेज के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान दिया गया, जिसका 1 मिनट 38 सेकंड का वीडियो सामने आया है। सफीदों में चार एकड़ जमीन पर नर्सिंग कॉलेज बनाया जाएगा, जिस पर लगभग 43.5 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। शिलान्यास के दौरान विधायक ने अधिकारियों को तय समयसीमा में निर्माण पूरा करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में पूर्व विधायक कलीराम पटवारी, चेयरमैन चंद्र सैनी और अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे। रामकुमार गौतम इससे पहले भी अपने बेबाक और विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं।
Source: Source