हरियाणा के हिसार में साइबर ठगों ने शादी का झांसा देकर भारतीय सेना के एक जवान से करीब 7 लाख रुपये ठग लिए। तमिलनाडु निवासी 32 वर्षीय जवान धनराज हिसार मिलिट्री कैंट में तैनात हैं। उन्होंने करीब डेढ़ महीने पहले जीवनसाथी की तलाश में संगम मैट्रीमोनियल ऐप डाउनलोड किया था। इसके बाद एक विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप पर संदेश आया, जिसमें युवती ने अपना नाम सारान्या और खुद को ब्रिटेन के ग्रीनिच का निवासी बताया। बातचीत आगे बढ़ने पर दोनों परिवारों ने कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए शादी के लिए सहमति जताई। जवान ने 2 नवंबर को चेन्नई में छुट्टी के दौरान शादी की तारीख तय करने की बात कही थी। इसके बाद युवती ने शादी के खर्च का हवाला देकर दोनों को ट्रेडिंग कारोबार में निवेश करने का सुझाव दिया। उसने जवान को एक लिंक भेजा, जिससे लूनो एक्सचेंज नाम का ऐप और लूनो टीम-3020 व्हाट्सऐप ग्रुप खुला। ग्रुप में पीटर विलियम्स नाम के एडमिन ने ट्रेडिंग के निर्देश दिए और शुरुआती निवेश पर मुनाफा दिखाकर जवान का भरोसा जीत लिया। इसके बाद जवान ने 10 से 21 सितंबर के बीच अपने आईसीआईसीआई बैंक खाते से 3,31,760 रुपये और साथी सैनिक सर्वेश बरन के खाते से करीब 3 लाख रुपये ट्रांसफर किए। ऐप पर निवेश की रकम बढ़कर 53,093 यूएसडीटी यानी लगभग 50.43 लाख रुपये दिखाई गई, लेकिन पैसे निकालने की कोशिश नाकाम रही। सारान्या और पीटर ने रकम वापस करने के बजाय जवान से और पैसे मांगे, जिससे उसे धोखाधड़ी का संदेह हुआ। जवान ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल और पंचकूला साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामला हिसार साइबर थाने में स्थानांतरित होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 61 के तहत केस दर्ज किया है। एएसआई संजय कुमार मामले की जांच कर रहे हैं और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Source: Source