छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित जयस्तंभ चौक पर जगराते के दौरान सड़क पर बांधी गई रस्सी में फंसकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक का साथी भी घायल हुआ है। मृतक की पहचान मायापुर निवासी फैजान आलम के रूप में हुई है। घटना बीती रात दुर्गा पंडाल के पास आयोजित जगराते के दौरान हुई। कार्यक्रम के लिए जयस्तंभ चौक से अग्रसेन चौक के बीच सड़क पर बांस के सहारे मोटी रस्सी बांधी गई थी। मार्ग पर यातायात रोकने के लिए दूसरी ओर बैरिकेडिंग भी लगाई गई थी। फैजान अपने साथी समीर के साथ बुलेट से अग्रसेन चौक की ओर से जयस्तंभ चौक पहुंचा। आरोप है कि अंधेरे के कारण वह सड़क पर बंधी रस्सी नहीं देख पाया और रस्सी उसके गले में फंस गई। इसके बाद दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने फैजान को मृत घोषित कर दिया, जबकि समीर का इलाज जारी है। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर पर्याप्त रोशनी और उचित बैरिकेडिंग नहीं थी तथा टेंट का बांस गिरने से फैजान को करंट भी लगा। हादसे के बाद परिजनों और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की और जगराता बंद करा दिया। पुलिस ने आयोजन समिति के सुरेश कन्नौजिया, संदीप अग्रवाल और अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 106(1), 125(ए) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया।
Source: Source