छत्तीसगढ़ के धोबनी गांव में शराब पिलाने से मना करने पर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि नाराज होकर तीन युवक रात में उसके घर पहुंचे और अंदर घुसकर हमला कर दिया। पीड़ित भूषण पेशे से पेंटर है और मजदूरी के लिए दल्लीराजहरा आता-जाता है। शिकायत के अनुसार, 11 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे मछली मार्केट में उसकी मुलाकात गांव के प्रमोद कोवाची से हुई थी। प्रमोद ने उससे शराब पिलाने को कहा, लेकिन भूषण ने मना कर दिया। इसके बाद भूषण सब्जी लेकर घर लौट आया और अपनी मां पदमा बाई के साथ खाना बनाने लगा। रात करीब साढ़े आठ बजे किसी ने घर का दरवाजा खटखटाया। मां के दरवाजा खोलने पर प्रमोद कोवाची, दीपचंद और साहिल कथित तौर पर घर में घुस आए। तीनों भूषण के कमरे में पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उन्होंने भूषण के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और दीपचंद ने आंगन में रखे टंगिया से हमला करने की कोशिश की। बेटे को बचाने पहुंची पदमा बाई के बाएं हाथ के अंगूठे के पास चोट लग गई। शोर सुनकर पड़ोसी सुरेश मंडावी और रामचरण रावटे मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। डौंडी थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source: Source