हरियाणा के जींद स्थित चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू) की एक पीएचडी छात्रा के साथ रेप और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्रा ने पुलिस को बताया कि विश्वविद्यालय के एक कर्मचारी ने उसे 2024 में परीक्षा दिलाने के बहाने दिल्ली बुलाया और वहाँ उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसकी अश्लील तस्वीरें खींच लीं और बाद में इन तस्वीरों के आधार पर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसने छात्रा को बदनाम करने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकियाँ दीं। साथ ही मारपीट कर उससे एक लाख रुपये की मांग भी की। पीड़िता की शिकायत पर थाना सदर जींद में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी कर्मचारी जोगेंद्र को राजथल, हांसी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि महिला अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत यह कार्रवाई की गई। आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया गया है और आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है। पुलिस पूरे मामले की साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच कर रही है। इस घटना से विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया है और छात्राओं में रोष है।
Source: Source