पंजाब के जालंधर में शेर सिंह कॉलोनी से नाला पुल की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार टिप्पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ की बड़ी टहनियां टूटकर सड़क पर गिर गईं और बिजली के तार भी क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना के चलते पूरा रास्ता अवरुद्ध हो गया और इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई। हादसे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के दौरान एक युवक पेड़ की टूटी टहनियों की चपेट में आकर घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा बेहद खतरनाक था और टिप्पर कुछ ही दूरी से अन्य वाहनों और राहगीरों को बचाते हुए गुजरा। बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त होने से पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया है। लोगों का आरोप है कि घटना के बाद प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। फिलहाल सड़क पर मलबा और टूटी टहनियां पड़ी हुई हैं, जिससे लगातार दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
Source: Source