जालंधर के पॉश इलाके मॉडल टाउन स्थित एक कीमती कमर्शियल बिल्डिंग का मालिकाना हक विवाद एक बार फिर गरमा गया है। यह विवाद राजन सिद्धू और कपूर अस्पताल के संचालक डॉ. जश्नीव कपूर के बीच है। डॉ. जश्नीव का दावा है कि बिल्डिंग की रजिस्ट्री उनके नाम पर है, जबकि दूसरी ओर राजन सिद्धू का कहना है कि इस संपत्ति पर कोर्ट का स्टे लगा हुआ है। विवाद के कारण मौके पर भारी तनाव की स्थिति बन गई, जिसके चलते थाना नंबर-6 की पुलिस को बल के साथ वहां पहुंचना पड़ा। दोनों पक्षों के बीच काफी तीखी बहस हुई और एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी मामले की संवेदनशीलता का हवाला देते हुए फिलहाल कुछ भी स्पष्ट बोलने से बच रहे हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों को अपने-अपने दस्तावेज पेश करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस प्रशासन मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दे रहा है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Source: Source