जालंधर-अमृतसर हाईवे पर बल अस्पताल के पास सर्विस लेन में बनी एक झोपड़ी में अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के चलते करतारपुर की ओर जाने वाली सर्विस लेन पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक झोपड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस के अनुसार झोपड़ी राजू नामक एक व्यक्ति की थी, जो करीब 15 दिन पहले यह स्थान छोड़कर जा चुका था। घटना के समय झोपड़ी के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। आग में झोपड़ी में रखे पुराने कपड़े और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। आसपास पड़े सूखे पत्तों के कारण आग तेजी से फैलती दिखाई दी। पुलिस ने बताया कि आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका है कि किसी की फेंकी हुई जलती बीड़ी या सिगरेट से आग भड़की हो सकती है। मामले की जांच जारी है।
Source: Source