चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी से जुड़े दो बड़े अंडरपास प्रोजेक्ट अब आगे बढ़ने लगे हैं। PU और PGI के बीच बनने वाले अंडरपास का टेंडर जल्द आवंटित किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट का प्रस्ताव वर्ष 2019 में तैयार किया गया था। करीब सात साल बाद अब इसके निर्माण की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंची है। अंडरपास पर कुल ₹8.40 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इसमें ₹6.73 करोड़ निर्माण और ₹1.67 करोड़ भूमिगत सीवरेज व ड्रेनेज लाइनों के बदलाव पर खर्च होंगे। PU और PGI के बीच रोजाना करीब 25 हजार लोग पैदल आवाजाही करते हैं। इनमें मरीज, उनके परिजन, छात्र, शिक्षक और कर्मचारी शामिल हैं। बढ़ते ट्रैफिक के कारण मौजूदा सड़क पार करने का रास्ता बंद होने से लोगों को परेशानी होती है। मरीजों और बुजुर्गों को भारी ट्रैफिक के बीच लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। अंडरपास के डिजाइन में लोगों की सुविधा के लिए कई बदलाव किए गए हैं और प्रस्तावित दुकानों की संख्या 12 से घटाकर 9 कर दी गई है। इसी बीच PU के नॉर्थ और साउथ कैंपस को जोड़ने वाले दूसरे अंडरपास का डिजाइन मंजूरी के लिए चंडीगढ़ प्रशासन को भेजा गया है। यह अंडरपास सेक्टर-25 स्थित साउथ कैंपस तक बेहतर पहुंच देने और ट्रैफिक जाम कम करने में मदद करेगा।
Source: Source