मोहाली की ओर से शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचने वाले यात्रियों के लिए आज से नया वैकल्पिक मार्ग खोल दिया गया है। इस शॉर्टकट रूट के शुरू होने से एयरपोर्ट तक की दूरी करीब 5 किलोमीटर कम हो जाएगी। अब यात्रियों को 11.6 किलोमीटर के बजाय सिर्फ 8.5 किलोमीटर का सफर तय करना होगा। इससे ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा और यात्रियों का समय व ईंधन दोनों बचेंगे। गमाडा (GMADA) ने यह सड़क 125 करोड़ रुपए की लागत से तैयार की है, जिसकी चौड़ाई 164 फीट है। फिलहाल अधिकांश वाहन चालक पीआर-7 मार्ग का इस्तेमाल करते हैं, जिसमें फेज-11 से आईआईएसईआर लाइट प्वाइंट और एयरपोर्ट चौक होकर लंबा चक्कर लगाना पड़ता था। नए मार्ग से यह अतिरिक्त दूरी समाप्त हो गई है। इससे एयरपोर्ट रोड से पटियाला और राजपुरा जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। हालांकि, चंडीगढ़ से सबसे छोटा मार्ग बनाने की योजना अब भी अधर में लटकी है। सेक्टर-47 और सेक्टर-48 से एयरपोर्ट तक रूट बनाने के लिए जमीन अधिग्रहण विवाद में फंसा हुआ है। पंजाब सरकार ने जमीन देने से इनकार कर दिया, जबकि चंडीगढ़ प्रशासन किसानों के विरोध के कारण आगे नहीं बढ़ पाया। करीब 80 जमीन मालिकों ने बातचीत नीति के तहत जमीन नहीं दी। प्रशासन ने इस परियोजना के लिए 106.69 करोड़ रुपए का बजट तय किया था, लेकिन मामला अदालत में लंबित है, जिसकी अगली सुनवाई 16 जुलाई को होगी।
Source: Source