दुर्ग जिले में HDFC बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर राजकुमार तिवारी को कथित निवेश धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, वह बड़े खाताधारकों को गोल्ड ETF में निवेश पर हर महीने 10 प्रतिशत मुनाफे का लालच देता था। आरोप है कि वह बैंक में अपने पद का फायदा उठाकर संभावित निवेशकों से संपर्क करता था। निवेशकों से चेक लेकर वह रकम मुख्य आरोपी योगेश साहू के खाते में जमा करवाता था। पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए निवेशकों को अपने खाते से लाभांश भी दिया जाता था। सेक्टर-7 भिलाई निवासी राजू नामदेव ने मामले की शिकायत सुपेला थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, नामदेव ने 21 मार्च 2025 को बताए गए खाते में 15 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। शुरुआत में उन्हें मुनाफे का भुगतान मिला, लेकिन बाद में रकम मिलना बंद हो गई। जांच में पुलिस को अन्य निवेशकों से भी इसी तरीके से बड़ी रकम लिए जाने की जानकारी मिली। मोहम्मद रफी, साधना मिश्रा और शिबा शेख समेत अन्य निवेशकों के बयान और दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिस के अनुसार, जांच में राजकुमार तिवारी की भूमिका से जुड़े बैंक दस्तावेज और लेन-देन के साक्ष्य मिले। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। सुपेला थाने में बीएनएस की धारा 318(2), 318(4), 61(2) और 111(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मुख्य आरोपी योगेश साहू और अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका के साथ रकम के लेन-देन और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
Source: Source