गुरुग्राम के जेल चौक पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय दिवांश की इलाज के दौरान मौत हो गई। 17 जुलाई को तेज रफ्तार महिंद्रा थार ने बलेनो कार को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में दिवांश और उसकी बहन समेत परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। दिवांश पिछले चार दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा था। डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद रात करीब 1:30 बजे उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दिवांश की कजन बहन अभी भी वेंटिलेटर पर भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि थार चालक रोहित कथित तौर पर नशे में था और तेज गति से वाहन चला रहा था। टक्कर के बाद आरोपी चालक पर घायल परिवार से बदसलूकी करने का भी आरोप लगाया गया है। स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई है। इस हादसे ने गुरुग्राम में तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने की घटनाओं पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Source: Source