पंजाब के फरीदकोट जिले में प्रेम विवाह को लेकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि 20 वर्षीय महकप्रीत कौर की उसके परिजनों ने हत्या कर दी। युवती ने करीब ढाई महीने पहले अपनी पसंद से गांव के युवक जगदीप सिंह से शादी की थी। शादी के बाद दोनों बठिंडा के भगता भाईका गांव में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम दोनों मोटरसाइकिल से कोटकपूरा जा रहे थे। रास्ते में युवती के परिजनों ने कथित तौर पर उन्हें घेर लिया। हमले के दौरान पति जगदीप सिंह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहा। आरोप है कि युवती पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को सड़क किनारे खेतों में फेंक दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source: Source