करनाल के मेन बाजार में सिटी थाना से करीब 200 मीटर दूरी पर मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में हमले का मामला सामने आया है। सोमवार रात तीन से चार बदमाशों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से दुकान में घुसकर हमला किया। बताया जा रहा है कि बदमाशों की पहले एक युवक से कहासुनी हुई थी। युवक जान बचाने के लिए दुकान के अंदर घुस गया, लेकिन हमलावरों ने वहां भी उसका पीछा किया। आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ की और युवक पर चाकू से वार किए। हमले में युवक को दो चाकू लगने की जानकारी सामने आई है। वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसमें कुछ हमलावर तलवारों के साथ दिखाई दे रहे हैं। दुकानदार ने पुलिस की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि डायल 112 पर सूचना देने के बावजूद पुलिस देर से पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Source: Source