गुरुग्राम के सोहना क्षेत्र में पर्यटन विभाग की लगभग साढ़े 9 एकड़ भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। कार्रवाई के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट आरएस बाठ और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस बल और करीब 6 बुलडोजर के साथ 10 वाहनों की टीम भी तैनात की गई है। यह कार्रवाई पहाड़ कॉलोनी और पीर कॉलोनी क्षेत्र में की जा रही है, जहां अवैध निर्माण हटाए जा रहे हैं। प्रशासन ने संभावित विरोध को देखते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। दो दिन पहले मुनादी कर लोगों को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लगभग 70 प्रतिशत लोगों ने पहले ही अपने घर खाली कर दिए हैं। कई परिवारों ने स्वयं ही अपना सामान हटाकर स्थानांतरित कर लिया है। शेष क्षेत्रों में भी लोग लगातार मकान खाली कर रहे हैं। प्रशासन की यह कार्रवाई सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान का हिस्सा है। इलाके में स्थिति पर नजर रखी जा रही है और कार्रवाई जारी है।
Source: Source