गुरुग्राम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के स्वागत समारोह के दौरान जेबकतरों के एक शातिर गिरोह ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान करीब 15 से 20 कार्यकर्ताओं और नेताओं की जेब काटकर उनके महंगे स्मार्टफोन और नकदी पार कर दी गई। यह वारदात मानेसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम, पटौदी की विधायक बिमला देवी के कार्यक्रम और एससी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष सत्य प्रकाश जरावता के कार्यक्रम के दौरान हुई। भीड़ और फोटो खिंचवाने की होड़ का फायदा उठाकर चोरों ने एक वार्ड पार्षद के 20 हजार रुपये भी उड़ा लिए। घटना के बाद कार्यकर्ताओं में हड़कंप मच गया और कई लोगों ने स्थानीय पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। मानेसर थाना प्रभारी सुधीर के अनुसार, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में किसी पेशेवर गिरोह का हाथ होने का अंदेशा जताया गया है, जो राजनीतिक कार्यक्रमों में भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देते हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है।
Source: Source