पंजाब के गुरदासपुर जिले के माड़ी फावां गांव में नशा बेचने का विरोध करने पर तीन लोगों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया गया। इस हमले में 40 वर्षीय बिक्रमजीत सिंह की मौत हो गई, जबकि निशान सिंह और गुरमुख सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना श्री हरगोबिंदपुर साहिब इलाके में हुई। वारदात के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है। अस्पताल में भर्ती घायल गुरमुख सिंह के अनुसार, गांव के लोग नशा बेचने वालों की गतिविधियों से परेशान थे। उनका कहना था कि नशा बेचने वाले रोजाना गलियों में खड़े रहते थे, जिससे महिलाओं को भी परेशानी होती थी। गुरुवार को कुछ लोगों ने उन्हें नशा बेचने से रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान 10 से 15 हमलावरों ने तीनों को घेरकर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। ग्रामीणों ने घायलों को इलाज के लिए भाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टर अभिषेक ने बताया कि उपचार के दौरान बिक्रमजीत सिंह की मौत हो गई। थाना श्रीहरगोबिंदपुर के एसएचओ सुखजिंदर सिंह के मुताबिक, पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमले के पीछे की वजह और अन्य परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।
Source: Source