नगर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनन की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की है। रेत और खनन माफिया द्वारा जेसीबी मशीनों और भारी वाहनों से बड़े पैमाने पर मिट्टी और बजरी का अवैध उत्खनन किया जा रहा था। इससे पर्यावरण और नदी के प्राकृतिक स्वरूप को गंभीर नुकसान पहुंच रहा था। खनिज विभाग की टीम ने ग्राम नादिया (लिमो) में सुरही नदी के पास जांच के दौरान अवैध खनन गतिविधि पकड़ी। मौके पर एक हाईवा और एक जेसीबी मशीन को मुरुम-मिट्टी का अवैध उत्खनन करते पाया गया। संबंधित व्यक्तियों से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर गंडई थाना के सुपुर्द किया गया। विभागीय जानकारी के अनुसार जेसीबी और हाईवा के चालकों की पहचान कर ली गई है। खनिज निरीक्षक ने बताया कि शिकायत मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी और कार्रवाई की गई। आगे की विधिवत कानूनी प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने कहा है कि अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Source: Source