शंकरगढ़ क्षेत्र में खाद की कमी और बढ़ती कीमतों को लेकर किसानों ने पहले एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याएं रखी थीं। मांग पूरी न होने पर किसानों ने 24 जून को हड़ताल और विरोध प्रदर्शन किया। इस आंदोलन के चलते मामले ने गंभीर रूप ले लिया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने जनपद कार्यालय में किसानों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में जल्द खाद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। प्रशासन के अनुसार 26 जून से जिला सहकारी समिति केंद्र, जमड़ी में खाद का वितरण शुरू किया गया। यह वितरण शंकरगढ़ एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो की मौजूदगी में किया गया। खाद मिलने से किसानों ने राहत की सांस ली। किसानों ने इस पहल का स्वागत किया और प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए बलरामपुर जिला कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी का आभार भी व्यक्त किया गया। प्रशासन ने आगे भी जरूरत के अनुसार पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। इस कदम से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
Source: Source