नारायणपुर जिले के जनपद पंचायत ओरछा अंतर्गत ग्राम कोहकामेटा में सुशासन तिहार के तहत समाधान शिविर लगाया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और उन्होंने विभिन्न योजनाओं से जुड़ी समस्याओं, मांगों और शिकायतों के आवेदन दिए। कुल 326 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 134 का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष 192 आवेदन अभी प्रक्रियाधीन हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सर्वाधिक 90 मामलों का समाधान किया। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड के 8, आधार कार्ड के 15, महिला एवं बाल विकास विभाग के 12, जाति प्रमाण पत्र के 2 और निवास प्रमाण पत्र के 3 आवेदनों का निराकरण हुआ। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को 47 आवेदन मिले, जबकि मनरेगा जॉब कार्ड से जुड़े 20 आवेदन दर्ज हुए। अन्य विभागों से संबंधित 84 और बैंक खाते से जुड़े 2 मामलों का भी समाधान किया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से सीधे समस्या रखने का अवसर मिलने पर संतोष जताया। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशन में अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को चिन्हांकित किया। शिविर का उद्देश्य लोगों को कार्यालयों के चक्कर से मुक्त करना था। इस मौके पर जनपद उपाध्यक्ष मंगडूराम नुरेटी, सरपंच रोशनी देहारी, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, एसडीएम डॉ. सुमित गर्ग सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
Source: Source