छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नेशनल हाईवे-130 पर ट्रेलर हादसे के बाद करीब 12 घंटे तक जाम लगा रहा। राहत और सड़क से वाहन हटाने में कथित लापरवाही को लेकर पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) आमने-सामने आ गए हैं। पुलिस ने NHAI अधिकारियों के खिलाफ कटघोरा न्यायालय में परिवाद दायर किया है। वहीं, NHAI ने अपनी जांच के बाद संबंधित एजेंसी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। घटना 12 अक्टूबर की सुबह करीब दो बजे बांगो-मोरगा थाना क्षेत्र के मदनपुर घाट स्थित तारा घाटी के पास हुई। वहां एक ट्रेलर सड़क पर खराब होने के कारण खड़ा था। इसी दौरान कटघोरा की ओर जा रहे दूसरे ट्रेलर ने पीछे से उसमें टक्कर मार दी। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और बसों में सवार यात्रियों, एंबुलेंस से जा रहे मरीजों तथा ट्रेन और हवाई यात्रा के लिए निकले लोगों को परेशानी हुई। जाम में महिलाएं और बच्चे भी घंटों फंसे रहे। कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह ठाकुर के अनुसार, संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनके फोन बंद मिले। पुलिस ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने राहत कार्य में आवश्यक सहयोग नहीं किया और इसी आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 222A के तहत न्यायालय में परिवाद दायर किया। दूसरी ओर, NHAI की जांच में संबंधित एजेंसी मेसर्स रविन्द्र सिंह का परियोजना प्रबंधक और क्रेन ऑपरेटर मौके पर उपलब्ध नहीं मिले। रिकवरी उपकरणों में पर्याप्त ईंधन की कमी और 1033 हेल्पलाइन पर सूचना देने के बावजूद समय पर सहायता नहीं पहुंचने की बात भी सामने आई। NHAI ने इन कमियों को हाईवे पेट्रोलिंग और घटना प्रबंधन के निर्धारित मानकों का उल्लंघन माना। इसके बाद एजेंसी पर 10 लाख रुपये की पेनल्टी लगाई गई।
Source: Source