छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में दिव्यांगजनों की सहायता के लिए दंतेवाड़ा में 15 से 17 अक्टूबर तक निःशुल्क सहायता शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर का आयोजन जिला मुख्यालय की पुलिस लाइन कारली में किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़ेंगे। वे नक्सल हिंसा और आईईडी विस्फोटों के कारण दिव्यांग हुए लोगों से बातचीत करेंगे। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा भी शिविर में मौजूद रहेंगे। इस शिविर में दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा के कुल 768 दिव्यांगजनों को जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण दिए जाएंगे। इनमें दंतेवाड़ा के 509, बीजापुर के 197 और सुकमा के 62 हितग्राही शामिल हैं। लाभार्थियों को कृत्रिम हाथ-पैर, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र जैसे उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। शिविर का उद्देश्य दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांगजनों तक सहायता पहुंचाना है। नक्सली घटनाओं के दौरान आईईडी विस्फोटों में दिव्यांग हुए 22 लोगों को भी इसके लिए चिन्हित किया गया है। इन लोगों को उनकी जरूरत के मुताबिक कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण दिए जाएंगे। इससे उन्हें चलने-फिरने, दैनिक कार्य करने और आजीविका संबंधी गतिविधियों में मदद मिलने की उम्मीद है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 15 अक्टूबर को सुकमा और बीजापुर के हितग्राही शिविर में पहुंचेंगे। 16 अक्टूबर को दंतेवाड़ा जिले के लाभार्थियों को उपकरण दिए जाएंगे और शिविर 17 अक्टूबर तक चलेगा। दंतेवाड़ा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
Source: Source