छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने शनिवार सुबह एक बेहद बड़ी और गोपनीय कार्रवाई को अंजाम दिया है। प्रशासन की एक विशेष टीम ने तड़के सुबह बरपाली क्षेत्र के चिचोली और भैंसामुड़ा रेत घाटों पर अचानक दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान चिचोली घाट से चार और भैंसामुड़ा घाट से तीन, यानी कुल सात ट्रैक्टरों को अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। जांच के दौरान यह चौंकाने वाली बात सामने आई कि जब्त किए गए सभी ट्रैक्टर बिना किसी रॉयल्टी पर्ची, बिना नंबर प्लेट और बिना किसी वैध दस्तावेजों के धड़ल्ले से संचालित हो रहे थे। इतना ही नहीं, कई ट्रैक्टर चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस तक नहीं मिले। दरअसल, प्रशासन को खुफिया जानकारी मिली थी कि आगामी बरसात के मौसम का फायदा उठाने के लिए रेत माफिया नदियों से भारी मात्रा में रेत चोरी कर उसका अवैध भंडारण करने में जुटे हैं। तड़के सुबह हुई इस अचानक कार्रवाई से रेत तस्करों को संभलने का मौका नहीं मिला और माफियाओं में हड़कंप मच गया। इस सफल छापामार कार्रवाई में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी और कोटवार मुख्य रूप से शामिल रहे। जिला प्रशासन ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और माफियाओं के खिलाफ यह कड़ा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Source: Source