कोरबा पुलिस ने अपराध नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा के लिए ‘सजग कोरबा–सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत व्यापक कार्रवाई की। जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ विशेष अभियान चलाया गया। मारपीट और आपसी विवाद से जुड़े मामलों में कुल 92 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। संवेदनशील इलाकों में बाइक पेट्रोलिंग बढ़ाकर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी गई। संभावित शांति भंग की आशंका को देखते हुए धारा 170 बीएनएसएस के तहत 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। आदतन झगड़ा करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात पुलिस ने कही। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 7 चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के भी चालान किए गए। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक नशे में वाहन चलाने के 1021 मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। एक आदतन अपराधी के खिलाफ धारा 129 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। पुलिस ने दोहराया कि अपराध रोकने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को सुरक्षित माहौल देने के लिए यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा।
Source: Source